सावन के तीसरे सोमवार को घाघरा में नहाने गई स्नातक की दो छात्राएं नदी में डूबने लगी। एक को तो लोगोें ने किसी तरह बचा लिया लेकिन दूसरी डूबने से मौत हो गई। रौनापार थाना क्षेत्र के दयालगंज सीवान गांव निवासी गुंजन यादव 22 वर्ष पुत्री बंसी यादव और सुधा 20 वर्ष पुत्री जितेंद्र सोमवार की सुबह नहाने के लिए घाघरा नदी में गई थी। उस समय काफी लोग स्नान कर रहे थे। अचानक गुंजन और सुधा गहरे पानी में पहुंच गईं और डूबने लगी। दोनों को डूबता देख वहां स्नान कर रहे लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े। गांगेपुर गांव निवासी ओमप्रकाश यादव और एक लड़के ने मिलकर सुधा को तो किसी तरह बचा लिया लेकिन गुंजन यादव को जब तक वह बचा पाते तब तक उसकी डूबने से मौत हो गई। गुंजन यादव बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण मौकेे पर पहुंच गए। परिजन मौत पर बिलखते रहे।