अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल पवई मार्ग पर सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़।
- फोटो : AZAMGARH
महराजगंज। थाना क्षेत्र के कुड़ही गांव में रविवार को दिन में ट्रैक्टर की चपेट में आकर पांच घायल बालकों में से एक की रविवार की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चालक के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी है। कुड़ही गांव निवासी 10 वर्षीय शिवा पुत्र रमेश, 15 वर्षीय अंश व 10 वर्षीय अर्पित पुत्रगण धर्मराज, 12 वर्षीय ओंकार पुत्र रामजीत व 11 वर्षीय गौतम पुत्र सुखकरन दोपहर एक बजे गांव की चकरोड के पास खेल रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी योगेंद्र ट्रैक्टर लेकर उधर से गुजर रहा था कि ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पांचों बच्चों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद योगेंद्र ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गया। परिजन व ग्रामीण घायल बच्चों को स्थानीय अस्पताल ले गए जहां शिवा की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले गए। सोमवार की सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। बालक के पिता ने ट्रैक्टर चालक योगेंद्र के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी है।