बिलरियागंज थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव निवासी एक युवती का शव घर के आंगन में ही जाली से रस्सी के फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
खालिसपुर गांव निवासी पूजा (23) पुत्री चंद्रिका प्रसाद रविवार की शाम घर पर अपनी दिव्यांग मां के साथ थी। परिवार के अन्य लोग कहीं गए हुए थे। इसी दौरान पूजा ने घर के आंगन में लगी जाली से रस्सी के सहारे फांसी का फंदा बना कर लटक गई। मां दिव्यांग होने के चलते उसे बचाने का कोई प्रयास नहीं कर सकी। देर शाम जब परिजन घर आए तो लोगों को घटना की जानकारी हुई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। मृतका दो भाई व दो बहन में तीसरे नंबर पर थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।