सरायमीर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मंजीरपट्टी गांव निवासी एक युवक का शव सोमवार की सुबह घर से 100 मीटर दूरी पर स्थित नीम के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर पीएम के लिए भेज दिया। मंजीरपट्टी गांव निवासी जगदीश चौहान (25) रविवार की रात आठ बजे घर पर खाना खाया और इसके बाद परिजनों से कहीं जाने की बात कह कर घर से निकल गया। रात में वह घर वापस नहीं आया। सोमवार की सुबह खेत की तरफ जा रहे ग्रामीणों ने 100 मीटर दूरी पर स्थित कुएं के पास नीम के पेड़ से जगदीश का शव लटका देखा। शव देखते ही ग्रामीण आवाक रह गए। परिजनों के साथ ही पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी होते ही जगदीश के परिजनों के साथ ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया। कुछ ही देर में सरायमीर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस ने को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतक छह भाई व दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। अभी वह अविवाहित था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।