दीदारगंज थाना क्षेत्र के गोसड़ी गांव निवासी एक युवक शनिवार की सुबह सिवान में पेड़ से लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में उसे उतारे और इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
गोसड़ी गांव निवासी शैलेंद्र कुमार सिंह 45 शनिवार की सुबह साढ़े नौ बजे गांव के सिवान में स्थित बरगद के पेड़ से लटकता मिला। टहल रहे ग्रामीणों ने उसे लटकता देखा तो सूचना परिजनों को दिया। आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और गमछा को काट कर किसी तरह शैलेंद्र को नीचे उतारा और इलाज के लिए लेकर अस्पताल पहंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने सूचना पुलिस को दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। मृतक रोजीरोटी के लिए हरियाणा में रहता था। कुछ माह पूर्व ही वह हरियाणा से वापस लौटा था। मृतक दो पुत्री व एक पुत्र का पिता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।