बलरामपुर। सिधारी थाना क्षेत्र के हड़हाबाबा स्थान के पास तमसा नदी में शुक्रवार की देर शाम एक युवक का शव उतराया हुआ मिला। शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिधारी थाने के पास ही हड़हा बाबा का स्थान है। जहां लोग पूजा अर्चना के लिए जुटते है। शुक्रवार की शाम तमसा तट स्थित हड़हा बाबा स्थान के पास ही नदी में एक शव उतराया हुआ मिला। लोगों की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को नदी से निकलवाया। शव की की पहचान 35 वर्षीय प्रकाश गोंड पुत्र कतवारू निवासी सरफुद्दीनपुर थाना सिधारी के रुप में हुई। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गई। भाई सुबास ने शव की दशा देख कर हत्या की आशंका जताई। उसने बताया कि बृहस्पतिवार से ही मृतक घर से लापता था और वे उसकी तलाश में जुटे थे। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। वहीं घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक एक पुत्र व चार पुत्रियों का पिता था और ठेला चला कर परिवार का भरण पोषण करता था।