अहरौला व पवई थाने की पुलिस टीम ने जहरीली शराब कांड में आरोपित व 25 हजार के ईनामियां डी-74 गैंग के सक्रिय सदस्य संजय सोनी को बुधवार को अहरौला से 10 लीटर अवैध शराब के साथ पकड़ लिया। पवई व दीदारगंज थाना क्षेत्र में अवैध शराब कांड के बाद से जागी जनपद पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर अहरौला व पवई थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने डी-74 गैंग के सक्रिय सदस्य संजय सोनी पुत्र स्व. सालिक राम निवासी छाछू मोहल्ला जलालपुर थाना जलालपुर जिला अंबेडकरनगर को पकड़ लिया। उसके पास से 10 लीटर अवैध शराब के साथ ही काफी मात्रा में खाली शीशी, रैपर व ढक्कन आदि भी बरामद हुए है। गौरतलब है कि पवई व दीदारगंज थाना क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से तीन दर्जन से अधिक लोगों की मौत हुई थी। वहीं आधा दर्जन भर लोग पड़ोसी जिले अंबेडकरनगर में भी मरे थे। शुरू में तो पुलिस घटना के होने से ही इंकार कर रही थी। वहीं तीन चार दिन बाद पवई थाना क्षेत्र के मित्तूपुर बाजार में भारी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी के बाद पुलिस महकमे की नींद टूटी और कार्रवाई की कवायद शुरू हुई। दीदारगंज व पवई थाने में मुकदमा पंजीकृत कर अवैध शराब कारोबारियों की तलाश भी शुरू कर दिया गया। इस बीच एडीजी जोन बृजभूषण का जिले में आगमन हुआ तो उन्होंने जहरीली शराब से जिले में आठ लोगों की मौत की बात स्वीकार किया। इसके बाद एसपी सुधीर कुमार सिंह ने फरार चल रहे अवैध शराब कारोबारियों पर 25-25 हजार का ईनाम घोषित कर दिया।