आजमगढ़। पेट्रोल पंप संचालकों की मनमानी से उपभोक्ताओं को जो सुविधा यहां निशुल्क मिलनी चाहिए, उसके लिए रुपये खर्च कर अन्य जगह सुविधा का लाभ लेना पड़ रहा है। कहीं शौचालयों में ताला लगा है तो कहीं हवा भरने की मशीने खराब है। यहां सुरक्षा के इंतजाम भी नहीं हैं। ग्राहकों की सुविधा के लिए तेल कंपनियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को अनिवार्य रूप से अग्निशमन यंत्र, हवा, पानी और शौचालय की सुविधा देने का निर्देश दिया है। ये सुविधाएं नहीं मिलने पर उपभोक्ता शिकायत पुस्तिका में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इन शिकायतों के आधार पर अधिकारी पेट्रोल पंपों का जायजा लेते हैं। जरूरी सुविधाएं नहीं होने पर पेट्रोलपंप मालिकों का लाइसेंस रद्द करने तक का प्रावधान है। बृहस्पतिवार को संवाद न्यूज एजेंसी ने शहर के कई पेट्रोल पंपों का जायजा लिया तो ज्यादातर जगह सुविधाएं नदारद रहीं।