नगर पालिका बोर्ड की बैठक में बृहस्पतिवार को अधिशासी अधिकारी को कार्यमुक्त करने के लिए निंदा प्रस्ताव लाया गया। चेयरमैन ने ईओ को बिना किसी सूचना की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया और सभासद ईओ के खिलाफ सात बिंदुओं पर निंदा प्रस्ताव ले आए। ऐसे में पालिका ने अब शासन से नए ईओ की मांग की है।
बोर्ड बैठक से पहले सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। दिन में लगभग एक बजे बोर्ड की बैठक शुरू हुई। शुरूआत पूर्व की कार्रवाई की पुष्टि के साथ हुई। 22 अप्रैल 2022 को हुई पूर्व की बैठक में तीन प्रस्ताव आए थे। जिसमें एक की पुष्टि के साथ ही दो व तीन को निरस्त कर दिया। इसके बाद सभासद अराजीबाग पुनीत राय ईओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाए। जिसके जरिये ईओ की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर आरोप लगाए गए। हीरापट्टी वार्ड के पूर्व सभासद राजू यादव व वर्तमान सभासद के साथ ईओ के दुर्व्यवहार पर चर्चा हुई।
इसके साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के लिए जालंधरी सभासद महताब कुरैशी ईओ के पास गए तो उनका ईओ द्वारा अपमान किए जाने का भी मुद्दा उठा। जिला योजना समिति के सदस्य सभासद मो. अफजल के साथ दुर्व्यवहार व मुकदमा दर्ज कराने की ईओ द्वारा धमकी दिए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही चेयरमैन सरफराज अहमद ने स्वकर निर्धारण के तहत गृहकर स्लाट में बेहिसाब की गई बढ़ोतरी पर तत्काल रोक लगाते हुए नए सिरे से इस पर विचार करने का भी प्रस्ताव पारित किया। अंत में ईओ को कार्यमुक्त करने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में सभी 25 सभासदों में से 23 सभासद उपस्थित रहे।
चेयरमैन सरफराज आलम मंसूर ने बताया कि बोर्ड की बैठक में ईओ को पद से हटाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास करते हुए नए ईओ की तैनाती के लिए शासन से मांग की गई है। इसके अलावा जनहित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें गृहकर का मुद्दा प्रमुख रहा। कर्मचारियों के वेतन आदि के भुगतान के लिए जिलाधिकारी से सुझाव मांगा गया है। प्रयास है कि एक सप्ताह में कर्मचारियों के वेतन का भुगतान करा दिया जाए।