अहरौला थाने की पुलिस की छात्रों का अपहरण करने वाले बदमाश के साथ शुक्रवार की सुबह कोठरा मोड़ पर मुठभेड़ हो गई। इसके बाद पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। उपचार के लिए सीएचसी अहरौला में भर्ती कराया गया है।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के दुर्वासा गांव निवासी देवप्रिय गिरी व रामकिंकर गिरी 13 जनवरी को कटचस गहजी बाजार गए थे। एक कॉलेज से राम प्रवेश यादव व संदीप सोनकर के साथ कुछ अज्ञात लोग अपनी कार से उनकी बाइक को रोककर कट्टा सटाकर पैसे की मांग करते हुए जबरदस्ती अपहरण कर लिए। पैसा न देने पर मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना में जुट गई। विवेचना के दौरान पंकज यादव निवासी लहुरावन थाना अहरौला व अभिषेक यादव उर्फ तूफानी निवासी भीमलपट्टी थाना अहरौला का नाम प्रकाश में आया। पुलिस को सूचना मिली के अपहरण करने वाला आरोपी कोठरा मोड़ की तरफ आ रहा है, जो अपने पास अवैध शस्त्र लिया है। वह किसी घटना को अंजाम देने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और अपनी टीम के साथ कोठरा मोड़ के पास पहुंची। वहां पर एक व्यक्ति मौजूद था, जो पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की। इस पर उक्त व्यक्ति ने अपने आप को पुलिस से घिरता देखकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। उपचार के लिए सीएचसी अहरौला भेजा गया, जहां से जिला अस्पताल आजमगढ़ के लिए रेफर कर दिया। पकड़ा गया आरोपी रामप्रवेश यादव उर्फ प्रवेश अहरौला थाना क्षेत्र के लेदौरा गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है। वहीं उसके अन्य साथी संदीप सोनकर निवासी इब्राहिमपुर गहजी, पंकज यादव निवासी लहुरावन थाना अहरौला व अभिषेक यादव उर्फ तूफानी निवासी भीमलपट्टी थाना अहरौला को गिरफ्तार किया गया।