सिधारी थाने की पुलिस बुधवार की रात हलुवाडिह पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में 12 हजार रुपये के इनामी सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार की। इनके पास से आठ लाख रुपये के आभूषण, लूट की दो बाइक, राइफल, दो तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस की मानें तो यह दोनों बदमाश लूटे गए आभूषणों को कहीं बेचने के लिए ले जा रहे थे। तभी मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि एसपी सिटी डा. विपिन ताडा को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि दो बदमाश बेलईसा की तरफ से छतवारा होते हुए मेंहनगर रोड पर हलुवाडिह पुलिया की तरफ से होते हुए तरवां की तरफ जा रहे हैं। एसपी सिटी ने एसओ सिधारी रामनरेश यादव की टीम को इनके पीछे लगा दिया। बुधवार की रात 11 बजे पुलिस टीम हलुवाडिह पुलिया के पास चेकिंग करते हुए इनके आने का इंतजार करने लगी।
कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार दो बदमाश उधर से गुजरे। टार्च की रोशनी में पुलिस ने इनसे बाइक रोकने का इशारा किया तो वे फायर कर भागने लगे। पुलिस ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों में जामवंत यादव उर्फ जमुना पुत्र अछैवर तरवां थाना क्षेत्र के सरायभादी गांव निवासी और दूसरा दीपक यादव पुत्र नरेश मेंहनगर थाना क्षेत्र के मालपुर गांव का निवासी है। एसपी ने बताया कि जामवंत पर 12 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
इनके पास से आठ लाख रुपये के आभूषण बरामद हुए। इसमें चार किलो चांदी, 45 ग्राम सोने के आभूषण, लूट की दो बाइक, 20 किलो गांजा, एक एसबीबीएल गन फैक्ट्री निर्मित 315 बोर का रायफल, दो तमंचा और तीन कारतूस बरामद हुआ। एसपी ने बताया कि जामवंत यादव पेशेवर अपराधी रहा है। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में आठ आपराधिक केस दर्ज हैं। इन्होंने कबूल किया कि जहानागंज में सिपाही और रानी की सराय थाने के ऊंचागांव बाजार में दिनदहाड़े सराफा कारोबारी सहित अन्य लूट की घटनाओं को अंजाम दिए हैं।