रानी की सराय क्षेत्र के रोवां गांव में रविवार की रात होलिका की जमीन पर मड़ई रखने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए पर उस समय पुलिस ने तब मामला शांत करा दिया। इस मामले में सोमवार को एक पक्ष की तहरीर पर 14 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। मंगलवार को आरोपी पक्ष ने पीडि़त पर समझौते का दबाव बनाया तो दोनों पक्ष फिर भिड़ गए और पथराव करने लगे।
फायरिंग की भी सूचना है। इससे नाराज लोगों ने कार्रवाई की मांग करते हुए सुबह नौ बजे आजमगढ़-लखनऊ मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर कमिश्नर, डीएम, एसपी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे मामला शांत कराया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।
रोवां गांव में होलिका की जमीन आवंटित है। बगल में गांव के ही शाबिर की मड़ई है। रविवार की रात होलिका दहन करने पहुंचे लोगों ने शाबिर से मड़ई हटाने को कहा इस पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए किंतु पुलिस ने मामले को शांत करा दिया। सोमवार को होली के दिन लोग रंग खेल रहे थे।
दोपहर में गांव की आठ वर्षीय बालिका अनिल गोंड़ की दूकान से टाफी खरीदने गई। दूकान बंद होने से वह बगैर टाफी लिए ही घर लौट रही थी कि उसे कहीं चोट लग गई। वह रोते हुए घर पहुंची। गांव वालों की मानें तो बालिका के रोने और चोट को देख उसके परिवार को लगा कि उसे अनिल ने पीटा है।
लोग गोलबंद होकर अनिल के घर पहुंच गए और जो जहां मिला उसे लात, घूंसे, लाठी-डंडे से पीटा। इस दौरान फायरिंग भी की गई। इसमें राजन गोंड़ (22), श्रवण (19), बसंत (45) और जोहन (47) घायल हो गए। पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराने के बाद गांव में बज रहे डीजे आदि लेकर थाने चली गई। घटना के संबंध में श्रवण की तहरीर पर रानी की सराय थाने में गुफरान सहित 14 लोगों को नामजद और 10 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की र्गई।
मंगलवार को आरोपी पक्ष के लोग अनिल के घर पर चढ़कर समझौते का दबाव बनाने लगे। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष फिर मारपीट और पथराव करने लगे। इसके बाद पीडि़त पक्ष सड़क पर उतर आया और आजमगढ़-लखनऊ मार्ग जाम कर दिया। सुबह नौ बजे से जाम लगने की सूचना पर मंडलायुक्त नीलम अहलावत, डीएम सुहास एलवाई, एसपी आनंद कुलकर्णी, पुलिस और पीएसी के जवानों को लेकर पहुंचे। पुलिस ने डंडा पटककर लोगों को खदेड़ा और साढ़े दस बजे यातायात चालू करवा दिया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस और पीएसी तैनात की गई है।
होलिका की जमीन के बगल में मड़ई डालने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई है। फायरिंग नहीं हुई। मामला शांत कराकर फोर्स तैनात कर दी गई है। घटना के संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपी गिरफ्तार हैं। शेष की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। - आनंद कुलकर्णी, एसपी, आजमगढ़