-शोक में डूबा मृतक चरित्तर का परिवार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जिस जहरीली शराब को पीकर केवटहिया और अन्य गांवों में बड़ी तादाद में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी उसे मुबारकपुर थाना क्षेत्र के कुकुरसंडा गांव निवासी मुन्ना राजभर ने भेजवाया था। चरित्तर और उसका भाई रामवृक्ष मुन्ना के मुख्य एजेंट थे। अन्य एजेंट इन्हीं के यहां से शराब (एलजी) खरीद कर ले जाते थे। इसी जहरीली शराब को पीकर चरित्तर के परिवार के चार लोगों की मौत हो चुकी है।
एसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि गिरफ्तार मुन्ना राजभर की निशानदेही पर करीब दो सौ लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। मुन्ना राजभर पूर्व में भी कई बार अवैध शराब के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है। पुलिस उसका चालान कर देती है और जमानत पर छूटने के बाद वह पुन: इसी में लिप्त हो जाता है। पूछताछ में मुन्ना ने बताया केवटहिया गांव निवासी चरित्तर निषाद और रामवृक्ष निषाद उसके मुख्य एजेंट थे।
मुन्ना अपने गुर्गों से इन दोनों तक अपनी एलजी शराब पहुंचाता था। यह दोनों आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। बुधवार की रात मुन्ना ने ही चरित्तर और रामवृक्ष के यहां यह शराब भेजी थी। एसपी ने बताया कि संभावना है कि यहां से शराब की खेप जहां-जहां गई वहां के लोग पीकर मरे या बीमार हुए हैं। बताया कि मुन्ना के गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।