गंभीरपुर थाने के कमरावा गांव के सीवान स्थित कुएं में गुरुवार की शाम लापता शिक्षक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस शव निकलवाने का इंतजाम कर रही थी कि गुस्साई भीड़ ने एसओ की जीप फूंक दी। सूचना पर एसपी सिटी डॉ. विपिन ताड़ा फोर्स के साथ पहुंचे और मामला शांत कराया। उधर, पुलिस अधीक्षक का कहना है कि यह हत्या प्रेम प्रसंग में की गई लगती है।
परशुरामपुर निवासी पवन कुमार गौतम (25) चार भाइयों में छोटा था। वह एक प्राइवेट विद्यालय में पढ़ाता था। 14 मार्च की रात करीब साढ़े दस बजे पवन घर से निकला तो लौट कर नहीं आया। 15 मार्च को उसके पिता मोती ने थाने में तहरीर दी। इसी बीच गुरुवार की शाम करीब पांच बजे कमरावा गांव के बाहर बाग के कुएं में एक लाश उतराई हुई दिखी। सूचना पर पवन के घर वाले भी पहुंचे और उसकी पहचान की। पवन के शरीर पर गोली जैसे घाव के निशान थे।
अंडरवियर और बनियान पहने पवन के हाथ-पैर बंधे थे। पुलिस लाश निकालने का प्रबंध कर रही थी कि भीड़ ने एसओ गंभीरपुर अशेषनाथ की जीप में फूंक दी। इससे अफरातफरी मच गई।
पहले भी फूंकी जा चुकी है पुलिस जीप _ ठेकमा। वर्ष 2014 में दुर्गा पूजा के दौरान बरदह थाने के खमौली गांव में विवाद के दौरान अराजकतत्वों ने एसपी की जीप फूंक दी थी। पुलिस के कई अन्य वाहनों पर पथराव कर उन्हें तोड़ दिया था। खमौली गांव में जिस वक्त यह घटना हुई थी, उस समय भी एसओ बरदह अशेषनाथ सिंह ही थे।
-यह हत्या प्रेम प्रसंग में की गई लगती है। प्रारंभिक जांच में ऐसे प्रमाण मिले हैं। जांच की जा रही है। जल्दी ही दोषी गिरफ्त में होंगे।
-दयानंद मिश्र, एसपी, आजमगढ़