मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव बाजार में गुरुवार की सुबह करीब दस बजे बाइक सवार बदमाश सराफ का बैग छीन कर फरार हो गए।
घटना स्थल से महज तीन सौ मीटर दूर सठियांव पुलिस चौकी होने के बावजूद पुलिस वहां करीब आधे घंटे बाद पहुंची। इसको लेकर क्षेत्र के दूकानदारों में नाराजगी है। दूकानदार ने पुलिस में घटना की तहरीर दी है। उसके मुताबिक बैग में 95 हजार रुपये नकद, डेढ़ सौ ग्राम सोना और ढाई किलो चांदी के आभूषण थे।
मुबारकपुर थाने के सठियांव गांव निवासी संदीप सेठ पुत्र अशोक की सठियांव बाजार में चीनी मिल रोड पर आभूषण की दूकान है। गुरुवार की सुबह करीब दस बजे संदीप अपनी दूकान पर पहुंचा लेकिन गेट के पास गंदगी होने के कारण उसने दूकान खोलने से पहले बाहर खड़ी अपनी बाइक पर बैग रख दिया और गंदगी साफ करने लगा। वह सफाई करने में जुटा था, तभी एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और बाइक पर रखा उसका बैग लेकर भागने लगे। संदीप ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वे भाग निकले।
सराफ के मुताबिक उसके बैग में 95 हजार रुपये नकद, डेढ़ सौ ग्राम सोना और ढाई किलो चांदी था। दिन दहाड़े हुई घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी सठियांव पुलिस चौकी को दी गई। लेकिन घटनास्थल से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर स्थित पुलिस चौकी के सिपाही करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे। इससे दूकानदारों में गुस्सा है। सीओ सदर योगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। एसओ मुबारकपुर संतलाल यादव को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।