देवगांव, सिधारी और तरवां थाना क्षेत्र में हुए तीन सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी घायलों का इलाज चल रहा है। गंभीरपुर थाने के बिंद्राबाजार निवासी अमरजीत (22) पुत्र भग्गन यादव, इसी थाने के नरवें गांव निवासी गूने (26) पुत्र दयाराम शुक्रवार की सुबह एक बाइक पर बैठकर कहीं जा रहे थे। देवगांव कोतवाली के मसीरपुर गांव के पास अनियंत्रित बाइक की टक्कर से दोनों घायल हो गए। इसी क्रम में कप्तानगंज थाने के मजीदपट्टी गांव निवासी रजनीकांत (21) पुत्र चंद्रभान सुबह कहीं जा रहा था। सिधारी थाने के जाफरपुर गांव के पास रजनीकांत की बाइक में अनियंत्रित दूसरी बाइक से टक्कर लग जाने से वह घायल हो गया। उधर तरवां थाने के भवरपार गांव निवासी अमरनाथ (55), जितेंद्र (40) और सहदेव (60) ठेला पर लादकर गुरुवार की रात भूसा ले जा रहे थे। गांव के बाहर अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से तीनों घायल हो गए।