देवगांव कोतवाली क्षेत्र के घोड़सहना गांव में शुक्रवार की रात आर्केस्ट्रा में डांसर से छेड़खानी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी, मारपीट के बाद गोलियां चलने लगीं। गोली तो किसी को नहीं लगी मगर दोनों पक्षों के लोग लाठी, डंडा, पवना, कल्छुल लेकर एक-दूसरे पर भिड़ गए। इसमें कई लोगों को चोट आई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस के पहुंचने से पहले से मारपीट और गोली चलाने वाले फरार हो गए।
घोड़सहना गांव निवासी विजय बहादुर यादव के घर शुक्रवार की शाम मेहनाजपुर थाने के सिधौना गांव से लोग तिलक चढ़ाने आए थे। रात करीब 10.30 बजे तक भोज चलता रहा। इसी बीच, विजय के रिश्तेदार और गांव सहित आसपास के लोग आर्केस्ट्रा देखने लगे। नाच के दौरान किसी ने डांसर के साथ छेड़खानी कर दी। इसकी शिकायत आर्केस्ट्रा वालों ने विजय बहादुर के घर आए सपा नेता से की। वे अभी पूछताछ कर ही रहे थे कि कुछ मनबढ़ गोलबंद होकर सीटी बजाते हुए पत्थर फेंकने लगे। इस बीच दोनों पक्षों के लोग भीड़ गए।
इसी बीच सपा नेता के समर्थकों ने गोली चला दी। ताबड़तोड़ गोलियां चलने से वहां अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान मारपीट में चंद्रशेखर चौहान (22), सेवा यादव (45), सुरेंद्र (40), प्रभुनाथ (41) सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनका स्थानीय डाक्टर के यहां इलाज चल रहा है। कोतवाल देवगांव प्रदीप चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। कोतवाल ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है, न ही कोई तहरीर ही मिली है।