पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से जिले में सतर्कता बढ़ाई गई है। मुस्लिम बहुल जिलों में पाकिस्तानी और आतंकवाद समर्थित टीवी चैनल तथा रेडियो का प्रसारण होने की आईबी की सूचना है। सूत्रों से पता चला है कि जिले में कुछ ऐसे एफएम रेडियो बिक रहे हैं जिससे पाकिस्तान का प्रसारण सुना जा सकता है। इसके अलावा तमाम लोग पाकिस्तानी साइटों से जुड़े हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि जिले में इस तरह की बात संज्ञान में नहीं आई है लेकिन जनपद के कुछ हिस्सों में हाल के दिनों में माहौल खराब करने वाली घटनाएं हुईं थी जिसे देखते हुए सतर्कता बढ़ाई गई है। सोशल मीडिया समेत अन्य संचार माध्यमों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
आईजी जोन वाराणसी एसके भगत ने अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। यहां के तमाम लोगों की पाकिस्तान में रिश्तेदारियां भी हैं जो न सिर्फ अपने रिश्तेदारों की खबर लेते हैं बल्कि वहां के हालात की सूचनाएं लेना चाहते हैं। ऐसे लोग एक-दूसरे से सोशल साइटों पर जुड़े हैं जिसके जरिये वहां की सियासी स्थिति की जानकारी लेते हैं।
पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत-पाकिस्तान के बिगड़े संबंधों और पाकिस्तान के हालात के बारे में भी लोग जानकारी ले रहे हैं। ऐसे लोग खासतौर से पाकिस्तानी चैनल देखते और वहां हुईं तकरीरें सुनते आए हैं। इंटेलीजेंस ब्यूरो ने आजमगढ़ सहित 29 शहरों के अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में चोरी छिपे पाकिस्तानी और आतंकवाद समर्थित चैनल देखे जाने तथा हाई फ्रीक्वेंसी चीनी ट्रांसमीटर लगाकर इनके रेडियो का प्रसारण सुने जाने की रिपोर्ट दी है।
ऐसे भ्रामक प्रसारण से भारतीय युवाओं को गुमराह करने की कोशिश की जा सकती है। जिला प्रशासन ने जिले में पाकिस्तान के प्रतिबंधित चैनल चलने की जानकारी होने से इनकार किया है लेकिन सचाई यह है कि कुछ कंपनियों के ऐसे एफएम रेडियो बिक रहे हैं जिनसे पड़ोसी देश की खबरें सुनी जा रही हैं। पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि साल-डेढ़ दो साल पहले पाकिस्तानी चैनल के प्रसारण की बात सामने आई थी लेकिन अब ऐसा नहीं है।
हाल के दिनों में जिले के कुछ स्थानों पर माहौल बिगड़ने की घटनाओं को देखते हुए सतर्कता बढ़ाई गई है। सोमवार को जिले के कई थानों में बैठक कर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सतर्कता के निर्देश दिए गए। खुफिया विभाग की सक्रियता बढ़ाई गई है। सोशल मीडिया समेत अन्य संचार माध्यमों पर पैनी नजर रखी जा रही है। अगर इस तरह का कोई मामला आया तो कार्रवाई की जाएगी।-सुहास एलवाई, जिलाधिकारी आजमगढ़
अगर खुफिया विभाग की ऐसी सूचना है तो गोपनीयता के साथ चैनल का प्रसारण करने वालों की पहचान की जाएगी। कोई दोषी मिला तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वैसे प्रकरण की जांच करने का निर्देश दिया गया है। -एसके भगत,आईजी जोन वाराणसी
इसकी जांच कराई जाएगी और चैनल प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुंतल किशोर, पुलिस अधीक्षक
यूनिवर्सल बैंड के रेडियो से सुने जा रहे संबोधन
भारत सरकार की तरफ से पाकिस्तान के टीवी चैनल और रेडियो पर प्रसारण के रोक लगाने के बाद भी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में यूनिवर्सल बैंड के रेडियो से पाकिस्तान की खबरें सुनी जा रही हैं। खुफिया विभाग और पुलिस ऐसी जानकारी से इनकार कर रहा है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि जिले के तमाम युवक ऐसे भी हैं जो इंटरनेट के जरिए पाकिस्तान की बेबसाइटों और सोशल मीडिया से जुड़े हैं। प्रतिदिन वहां के लोगों से बातचीत भी करते हैं।
खुफिया विभाग की इन क्षेत्रों में पैनी नजर
बाटला एनकाउंटर के बाद से सुर्खियों में आया सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर, सरायमीर, शहर का तकिया मुहल्ला, बिलरियागंज, देबारकपुर आदि अल्पसंख्यक बाहुल्य इलाकों की गतिविधियों पर खुफिया विभाग की पैनी नजर है। कुछ संगठन के नेताओं की गतिविधियां भी खंगाली जा रही हैं।