अतरौलिया थाना क्षेत्र के बढ़या गांव निवासी कक्षा दो की छात्रा प्रिया सिंह की हत्या की गुत्थी में पुलिस रविवार को भी उलझी रही। उधर, घटना के विरोध में बढ़या बाजार की दूकानें रविवार को बंद रहीं। घटना को लेकर क्षेत्र में फैल रहे आक्रोश को देखते हुए डीआईजी और एसपी ने मौके का मुआयना किया। पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक न होने पर एसओ को फटकार लगाते हुए जल्द खुलासे का निर्देश दिया।
बता दें कि बढ़या गांव निवासी संतोष सिंह की आठ वर्षीय बेटी प्रिया सिंह 20 दिसंबर की शाम लापता हो गई। 31 दिसंबर को उसके पिता संतोष सिंह किसी काम से मकान के पीछे खेत में गए तो वहां स्वेटर दिखा। शक होने पर पुलिस ने थोड़े दूर पर खोदे गए गड्ढे की मिट्टी हटवाई तो उसमें से प्रिया की लाश बरामद हुई।
बलात्कार जैसी अनहोनी से भी इंकार नहीं किया जा सकता। हालांकि सच जानने के लिए सेंपल लखनऊ स्थित फारेंसिक लैब भेजवाया गया है। उधर, बालिका की निर्मम हत्या से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। तमाम राजनीतिक संगठन के लोग इस घटना को लेकर आंदोलन करने की रणनीति भी तैयार कर रहे हैं।
रविवार को बाजार के दूकानदारों नेे भी अपनी दूकानें बंद रखें। रविवार को डीआईजी रेंज रतन कुमार श्रीवास्तव, एसपी राकेश चंद्र साहू के साथ मौके पर पहुंचकर मुआयना किए। एसओ कृपाशंकर मौर्य के कार्य से असंतुष्ट डीआईजी ने फटकार लगाई। एसपी ग्रामीण अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि हत्या की कहानी करीबियों के आसपास घूम रही है। पुलिस उसी कड़ी की तलाश में जुटी है।