सरैया गांव में स्थित प्राचीन पौहारी बाबा मंदिर का मंगलवार की रात दरवाजे का ताला तोड़कर चोर राधा-कृष्ण की अष्टधातु की चार मूर्तियां, 25 किलो वजन का पीतल का सिंहासन, सीसीटीवी कैमरा, इनवर्टर, बैट्री आदि चुरा ले गए। चारों मूर्तियां ढाई से तीन इंच की थी। बुधवार की सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी को चोरी की जानकारी हुई। कुछ ही देर में गांव वालों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ की। पुजारी ने केस दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी है।
सरैया गांव स्थित पौहारी बाबा मंदिर दक्षिण तरफ आबादी से पांच सौ मीटर की दूरी पर है। मंदिर के पुजारी तीर्थराज पांडेय नंदना गांव के हैं। इनका घर भी मंदिर से थोड़ी दूरी पर है। तीर्थराज पांडेय ने बताया कि करीब डेढ़ सौ वर्ष पूर्व पौहारी बाबा ने मंदिर का निर्माण कराया था। मंदिर से चोरी गई राधा-कृष्ण की अष्टधातु की चार मूर्तियां ढाई से तीन इंच की है। मूर्तियों का कुल वजह डेढ़ किलो है। मंगलवार की रात चोर मंदिर के दरवाजे का ताला तोड़कर चुरा ले गए। मंदिर पर प्रत्येक सोमवार को दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ती है। मंदिर में रात के वक्त कोई नहीं रहता।
सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। बुधवार की सुबह वह पूजा करने पहुंचे तो देखा कि मूर्तियां, सिंहासन, इनवर्टर, सीसीटीवी कैमरा आदि गायब है। जानकारी होने पर श्रद्धालु जुट गए। इसकी सूचना चौकी प्रभारी बूढऩपुर पंकज यादव को दी गई। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ किया। घटना के संबंध में थाने में तहरीर दी गई है। सीओ बूढ़नपुर उमेशनाथ पांडेय ने बताया कि जांच से पता चला कि चारों प्रतिमाएं संगमरमर की थी।