आजमगढ़। शहर में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर शहर से फरार होने वाले बदमाशों को घेरने के लिए शहर में 13 स्थान चिह्नित किए गए हैं। घटना होने पर पुलिस यहां नाकेबंदी कर अपराधियों को भागने से रोक सकेगी। शहर में चेकिंग के लिए पुलिस पहले पिकेट तक सीमित रहती थी। इससे अपराधी आसानी से फरार हो जाते थे और पुलिस उनकी तलाश में हाथ मलती रह जाती थी। अब पुलिस शहर में ऐसे स्थानों को चयनित कर रही है जहां निर्देश मिलते ही पुलिस सक्रिय हो जाएगी। चिह्नित स्थान पर नाकेबंदी कर थाना, चौकी पुलिस और पीआरवी तलाशी अभियान शुरू कर देगी ताकि अपराधियों को शहर से बाहर निकलने का मौका न मिले। इसके लिए शहर में 13 स्थानों का चयन करने के साथ ही सूची फाइनल कर दी गई है। चिह्नित स्थानों पर थाना, चौकी पुलिस के साथ पीआरवी टीम मुस्तैद रहेगी। भंवरनाथ, जुनैदगंज, हाफिजपुर, करतालपुर, लखरावं पुल, बवाली मोड़, हरिवंशपुर तिराहा, नरौली, हाईडिल तिराहा, सिधारी तिराहा, शारदा तिराहा, कालीचौरा और हथिया पुल तिराहा में चेक प्वाइंट बनाए जाएंगे एसपी सिटी कमलेश बहादुर ने बताया कि अपराधियों पर नकेल कसने के लिए शहर में 13 स्थान चिह्नित किए गए हैं। यहां वारदात या घटना होने पर निर्देश मिलते ही तुरंत चेकिंग शुरू हो जाएगी। इससे अपराधियों को शहर से निकलने से रोका जा सकेगा।