कटानी बाजार। महराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा हरकपूरा गांव में रविवार की रात करीब दस बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से चार रिहाइशी मड़इयां और भीतर रखे गए लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। गांव के लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और अथक प्रयास कर आग की इस घटना पर काबू पाया। पीड़ितों में अनीता पत्नी जगदीश और विनोद कुमार का नाम शामिल है। यह दोनों महराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा हरकपूरा गाव के निवासी हैं। आर्थिक स्थिति दुरुस्त न होने पर मड़ई डालकर परिवार के साथ रहते हैं। रविवार की रात करीब दस बजे अनीता के मड़ई में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। कुछ ही देर में आग अनीता की चार मड़इयों सहित विनोद के भी दो मड़इयों को अपनी आगोश में ले ली। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और गांव वालों को सहयोग से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक इन दोनों की छह मड़इयां और भीतर रखे गए लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं एक अन्य घटना में महराजगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी अभय नारायण, लालचंद, कांता के गन्ने के खेत में रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से इन तीनों किसानों का करीब तीन बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। गांव के लोग किसी तरह से आग के इस घटना पर काबू पाया।