कप्तानगंज। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोजरापुर पूर्वी माई के स्थान के पास नदी में मंगलवार को एक युवक का शव मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर शव का पंचनामा कर परिजनों के हवाले कर दिया। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मद्धुपुर गांव निवासी दिनेश यादव उर्फ साधु यादव (32) पुत्र पब्बर यादव शनिवार से लापता था। परिजनों ने इसकी काफी खोजबीन की लेकिन कहीं पता न चला। मंगलवार की सुबह सुबह कोतवाली क्षेत्र के मोजरापुर पूर्वी माई के स्थान के करीब नदी में उतराई उसकी लाश मिली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का नदी से निकलवाने के बाद शिनाख्त दिनेश के रूप में हुई। पुलिस ने इसकी सूचना परिवार वालों को दी। परिजनों का कहना है कि कई दिनों से परेशान नजर आ रहा था किसी से कुछ बताता नहीं था। शनिवार को वह कहीं चला गया देर रात तक नहीं घर लौटा तो उसकी काफी खोजबीन की गई, रिश्तेदारों के यहां भी पूछताछ की गई। लेकिन कहीं पता न चल सका। दिनेश पेशे से प्राइवेट गाड़ी पिकअप चलाता था। तीन भाइयों के बीच दूसरे नंबर का था। इसके पास एक लड़का और एक लड़की है।