आजमगढ़। संवेदनशील पर्व दीपावली के अवसर जहां तस्कर लोग सक्रिय रहते हैं। वहीं, अन्य असामाजिक तत्व भी सक्रिय रहते हैं। इन तमाम बातों को ध्यान में रखते हुए पर्व के समाप्ति तक पूरे जिले में सघन तलाशी अभियान का एसपी ने निर्देश दिया है। इस क्रम में सोमवार की रात पुलिस की अलग-अलग टीमें क्षेत्र में भ्रमण करती रही। रात को कई युवक नशे में धुत संदिग्ध हाल में खड़े मिले। ऐसे युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। पुलिस के इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा रहा। रात्रि भ्रमण के लिए एसपी की तरफ से कुछ चुनिंदा पुलिसवालों की अलग से टीम गठित की गई है। इनका मुख्य काम सादी वर्दी में रात के समय भ्रमण करते हुए संदिग्धों पर नजर रखना है। इसके अलावा सभी थानाध्यक्ष और सीओ को भी सक्रिय रहने का निर्देश दिया है। सोमवार की रात पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त कर सघन तलाशी ली। इस दौरान कई युवक मिले तो नशे में धुत थे। वहीं, रोडवेज के पास कई संदिग्ध युवकों के साथ-साथ युवती और महिलाएं भी खड़ी मिलीं। पुलिसवाले ऐसे लोगों को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ किया। जानकारी होने के बाद इन्हें छोड़ दिया गया। ऐसा ही कुछ हाल मुबारकपुर, सरायमीर, लालगंज, मेेंहनगर, निजामाबाद, जीयनपुर आदि बाजारों में भी देखने को मिला। वहीं जीआरपी और आरपीएफ की टीम भी संयुक्त रुप से रेलवे स्टेशन सहित आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चेकिंग के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। जो अपने तरीके से गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी गई है।