तरवां। थाना क्षेत्र के सरायभादी गांव निवासी जेल में निरुद्ध बदमाश की करीब दो बीघा से अधिक बैनामे की जमीन गुरुवार को डीएम के निर्देश पर तरवां थाने की पुलिस और मेंहनगर तहसील के राजस्वकर्मियों की मौजूदगी में कुर्क कर ली गई। पुलिस उक्त जमीन के चारों तरफ लाल झंडी गड़वा दी है। प्रभारी निरीक्षक तरवां विनय कुमार ने बताया कि सरायभादी गांव निवासी जामवंत यादव पेशेवर बदमाश रहा है। उसके नाम का कभी पूर्वांचल के अन्य जिलों में आतंक रहा। जामवंत यादव वर्तमान समय में जेल में निरुद्ध है। उसके विरुद्ध पुलिस ने गैंगेस्टर की कार्रवाई करते हुए संपति कुर्क करने के लिए डीएम के यहां रिपोर्ट भेजी थी। जिसमें यह बताया गया था कि जामवंत यादव जेल में है। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है। बावजूद इसके वह बीते वर्ष 2017 में करीब दो बीघा जमीन का बैनामा करवाया। यह जमीन क्षेत्र के उर्मिला देवी से जामवंत की मां बसंती देवी के नाम खरीदी गई है। अपराध की कमाई से जामवंत द्वारा खरीदी गई इस जमीन को कुर्क करने के लिए डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने निर्देश दिया। जिसके क्रम में गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक तरवां राजस्वकर्मियों की टीम लेकर सरायभादी गांव पहुंचे और जामवंत की जमीन के चारो तरफ लाल झंडी गड़वाते हुए उसे कुर्क कर लिया। साथ ही ऐलान करवाया कि यह जमीन सरकारी है। इसमें बगैर अनुमति के कोई भी खेतीबारी नहीं करेगा।