जहानागंज। थाना क्षेत्र के वीरभद्रपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में बुधवार की रात अज्ञात चोर छत के रास्ते दरवाजा तोड़ कर अंदर घुस गये और लाखों का जेवरात व नकदी चुरा कर फरार हो गये। चोरी की घटना केे अंजाम देने के पूर्व चोरों ने घर में सो रही महिला और बच्चों को नशीला पदार्थ सुंघा दिया था।
वीरभद्रपुर गांव निवासी सरवन मौर्य पुत्र स्व. कवलधारी घर पर ही किराना की दुकान खोल रखा है। इसके साथ ही उसके एक रिश्तेदार भी जेवरात व नकदी रखी अपनी आलमारी उसके घर पर रखे हुए है। बुधवार को सरवन किसी काम से वाराणसी गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी और बच्चे थे। देर रात अज्ञात चोर छत पर चढ़े और सीढी पर लगे दरवाजे की कुंडी तोड़ कर नीचे उतर आये। इसके बाद चोरों ने घर में सो रही महिला और बच्चों को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया और फिर आराम से आलमारी, बक्सा, अटैची आदि को तोड़ कर कीमती सामान निकालने लगे। चोरों ने इस दौरान सरवन के रिश्तेदार की रखी आलामारी का भी ताला चटका दिया। लाखों के जेवरात व नकदी लेकर चोर फरार हो गये। सुबह महिला और बच्चों के सो कर उठने पर घटना की जानकारी हुई। इस बीच सरवन भी वाराणसी से वापस लौट आया। पीड़ित के अनुसार चोरों ने उसका एक लाख कीमत का जेवर और पचास हजार नकदी तथा रिश्तेदार रामकेवल के आलमारी में रखे तीन लाख के जेवर व 10 हजार नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। पीड़ित ने घटना के बाबत जहानागंज थाने पर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दे दी है।