बलरामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा गांव में मंगलवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ खाने से पीड़ित महिला की इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। जबकि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के गड़ेरुआ गांव और मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नौबतपुर गांव निवासी दो युवतियों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने दोनों की हालत गंभीर बताई है।
मृत महिला संगीता देवी (22) पत्नी अंशू यादव जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चंगईपुर गांव की रहने वाली थी। उसका मायका शहर कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा गांव में था। वह शंकर यादव की बेटी थी। करीब एक वर्ष पूर्व संगीता की अंशू से शादी हुई थी। वह अभी मां नहीं बनी थी। संगीता इन दिनों अपने मायके में थी। मंगलवार की रात को वह संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा ली। तबियत खराब होने पर घर वालों को जानकारी हुई तो रात करीब 11 बजे उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान करीब एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई। इसी क्रम में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के गड़ेरुआ गांव निवासी प्रिया पटेल (18) पुत्री प्रेमचंद बुधवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा ली। जबकि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नौबतपुर गांव निवासी किरन सोनकर (18) पुत्री जयराम ने मंगलवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा ली। तबियत खराब होने पर परिवार के लोग इन दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।