आजमगढ़। पटाखा गोदाम में लगी आग पूरी रात रह-रह कर भभक उठ रही थी। काफी मशक्कत के बाद फायर बिग्रेड की टीम ने सोमवार की सुबह जाकर आग पर पूरी तरह से काबू पाया। मुकेरीगंज मुहल्ला निवासी विजय गुप्ता व सतिराम गुप्ता के मकान में रविवार की शाम साढ़े चार बजे लापरवाही के चलते भयानक आग लग गई। शाम साढ़े छह बजे तक आग बुझाने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम वापस लौट गई थी। वहीं रात साढ़े नौ बजे के लगभग प्रथम दल पर लोगों ने फिर से आग की लौ उठती देखी। आनन-फानन में सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई तो पुलिस के साथ ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और एक बार फिर आग बुझाने की मशक्कत करनी शुरू की जो कि रात साढ़े ग्यारह बजे तक चला। स्थानीय निवासियों की मानें तो पूरी रात रह-रह कर मकान से धुआं उठता दिखाई दिया। सुबह छह बजे के लगभग एक बार फिर पुलिस व आरएएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर मकान को घेर लिया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंची और फिर मकान पर पानी डाल कर आग को बुझाने की कवायद शुरू की गई। इसके बाद मकान में लगी आग पूरी तरह से शांत हुई। दिन भर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर डेरा डाले हुए थी।