आजमगढ़। बकाया वसूली को लेकर बिजली विभाग ने एक बार फिर कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एक लाख से अधिक के डेढ़ दर्जन बकाएदारों के कनेक्शन काटने की कवायद की गई। वहीं आधा दर्जन से अधिक उपकेंद्रों पर समाधान शिविर का आयोजन कर उपभोक्ताओं के समस्याओं का भी समाधान किया गया। वहीं शनिवार को सरचार्ज माफी स्कीम कके तहत 20 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। एक्सईएन वितरण खंड प्रथम अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को शहर में रैदोपुर, जाफरपुर व जुनेदगंज तथा ग्रामीणांचल के लाटघाट, सरदहा, ठेकमा, रानी की सराय व तरवां उपकेंद्रों पर समाधान शिविर आयोजित किए गए। इस शिविर पर बिल में गड़बड़ी आदि की शिकायत लेकर पहुंचे उपभोक्ताओं के समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में फिलहाल सर्वाधिक भीड़ सरचार्ज माफी स्कीम की जानकारी के लिए हो रही है। उन्होंने बताया कि बकाया वसूली को लेकर शासन काफी सख्त है। जिसके चलते कई टीमें बकाया वसूली अभियान में लगाई गई है। शनिवार को एसडीओ प्रथम ने सिधारी स्थित रामलीला मैदान के पास दर्जन पर बकाएदारों के कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई की। वहीं एसडीओ तृतीय ने शहर के पालीटेक्निक क्षेत्र में लगभग आठ बड़े बकाएदारों की बिजली काटी। शनिवार को सरचार्ज माफी योजना के तहत 20 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। अब तक पांच दिनों में कुल 60 उपभोक्ताओं ने योजना के तहत निर्धारित धनराशि जमा करते हुए सरचार्ज माफी योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अपना पंजीकरण ऑनलाइन करा लिया है। 31 जनवरी तक पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को ही यह लाभ मिलना है।