आजमगढ़। कंधरापुर थाने की पुलिस शनिवार को चेकिंग के दौरान भंवरनाथ चौराहे के पास से तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया। इनके पास से लूट के 9600 रुपये, मोबाइल और एक लैपटॉप बरामद हुआ जो 12 अक्तूबर को लालसिंह के भट्ठे के पास से लूटा गया था। बदमाशों ने बताया कि गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए पॉकेट मनी पर्याप्त नहीं थी, इसलिए आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक एसपी ग्रामीण ने बताया कि 12 अक्तूबर को शिवलाल यादव नामक व्यक्ति कंधरापुर थाने में तीन अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध 37 हजार रुपये, लैपटाप, मोबाइल आदि लूटने की रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार को एसओ कंधरापुर संदीप यादव भंवरनाथ के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी यह तीनों गुजरे। इनकी तलाशी लेने पर 9600 रुपये, लैपटाप और कई मोबाइलें बरामद हुई। गिरफ्तार लोगों में शमशाद पुत्र नरुल हसन खान बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव का निवासी है। वह शहर के मिल्लत नगर कॉलोनी मुहल्ले में रहता है। शहर के नई बस्ती बदरका ईदगाह निवासी मो. जिशान पुत्र मो. अख्तर और बाईपास पर स्थित ज्योति निकेतन के पास का रहने वाला राज वर्मा उर्फ पियूष पुत्र विनोद का नाम शामिल है। जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि लैपटॉप और रुपये शिवलाल से लूटे गए थे। ज्यादातर रकम इन सभी ने खर्च कर दिया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि तीनों घूमकर रैकी करते हैं। इसके बाद घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनके निशाने पर खासतौर से पैदल, आटोरिक्शा, रिक्शा आदि पर बैठकर जाने वाली महिलाएं होती हैं। इन सभी की एक अच्छीखासी गैंग है। इनके मोबाइल रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं।