आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में स्थित दुलारी इंडेन गैस एजेंसी से 13 नवंबर की दोपहर हुई 3.41 लाख रुपये की लूट के मामले में फरार तीसरे आरोपी को पुलिस ने मंगलवार की रात जहानागंज थाना क्षेत्र के धनहुआ पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर ली। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि लूट की रकम 91 हजार रुपये उसके भाई के पास है। जो वर्तमान समय में गाजीपुर जेल में निरुद्ध है। पुलिस गिरफ्तार बदमाश का बुधवार को चालान कर दी। साथ ही इन बदमाशों को शरण देने वालों की तलाश में जुटी हुई है। सीओ सदर मो. अकमल खां के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश वीरेंद्र यादव पुत्र रामवृक्ष है। वह गाजीपुर जिले के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के करंजी हरिहर गांव का निवासी है। सीओ ने बताया कि वीरेंद्र मंगलवार की रात किसी काम से जहानागंज थाने के धनहुआ पेट्रोल पंप के पास खड़ा था। मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर एसओ जहानागंज मनोज सिंह ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान वीरेंद्र ने बताया कि लूटी गई रकम में से उसके हिस्से में 41 हजार रुपये आया था, जबकि उसके भाई हरिकेश के हिस्से का 50 हजार रुपये मिला। पूरी रकम लेकर हरिकेश एक नेता के घर पहुंचा और वहीं शरण लेकर रहने लगा। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते हरिकेश अपने साथी राहुल के साथ 15 नवंबर को गाजीपुर जेल में समर्पण कर दिया। लूट के इस वारदात को कुल सात बदमाशों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिए थे। जिसमें से दो बदमाश 15 नवंबर को अदालत में समर्पण कर दिए, जबकि दो बदमाश 17 को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिए गए। पांचवा बदमाश मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया। शेष फरार होने वालों में शरण दाता का नाम शामिल है। उनकी सरगर्मी से तलाश हो रही।