सगड़ी (आजमगढ़)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के महावतगढ़ गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में रविवार की रात नकब लगाकर घुसे चोर करीब तीन लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। सोमवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महावतगढ़ गांव निवासी राजेश चौहान पुत्र हरिनंदन सउदी में रहते हैं। घर पर उनकी पत्नी मंजू अपने बच्चों के साथ रहती है। रविवार की रात मंजू बच्चों के साथ दरवाजे के बाहर सोई हुई थी। रात को सुनसान माहौल पाकर चोर मकान में पीछे से नकब लगाकर भीतर घुसे और अंदर रखे अटैची और बक्सा तोड़कर उसमें से करीब तीन लाख रुपये मूल्य का आभूषण, मोबाइल, कीमती सामान आदि चुरा लिया। सोमवार की सुबह मंजू सोकर उठी और मकान में गई तो कमरे में बिखरे सामान और नकब देखकर शोर मचाने लगी। उसकी चीख पुकार सुनकर गांव के लोग पहुंच गए। खोजबीन के दौरान बक्सा और अचैटी घर से थोड़े दूर टूटे हाल में बरामद हुआ। सीओ सगड़ी सोहराब आलम ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई और मुआयना कर लौट गई। तहरीर मिल चुकी है। लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है।