आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के शेखपूरा गांव में 19 अक्तूबर की रात लाठी से पीट पीटकर की गई संतलाल की हत्या के बाद गांव में अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। ऐहतियातन गांव में फोर्स तैनात की गई है। उधर घटना के बाद से ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही। रविवार की देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी थी। पुलिस का प्रयास जारी रहा। घटना के संबंध में मृत संतलाल के भाई सरजू राम ने बताया कि खेत का मेड़ काटने के विवाद में लालमनी आदि 19 अक्तूबर की रात उसकी भतीजी सुनीता को अकेले पाकर लाठी-डंडे से पीटने लगे। इसकी जानकारी होने पर संतलाल बीच बचाव करने पहुंचे तो मनबढ़ सुनीता को छोड़ संतलाल पर हमलावर हो गए और लाठी से पीट पीटकर उसकी हत्या कर दिया। बरदह थाने की पुलिस के मुताबिक इस मामले में गिरफ्तार लालमनी सहित दो आरोपियों का चालान कर दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही। जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है।