मुबारकपुर। नगर पालिका परिषद मुबारकपुर से जारी 17.62 लाख रुपये के फर्जी चेक मामले में नया मोड़ आ गया है। जागृति कंस्ट्रक्शन के नाम जारी चेक के भुगतान पर रोक लगने पर कंस्ट्रक्शन के वकील ने गोरखपुर जिले के गगहा निवासी उग्रसेन सिंह व ईओ नपा मुबारकपुर के नाम लीगल नोटिस भेजा है। इस लीगल नोटिस के बाद एक फर्जीवाड़े में एक नया नाम सामने आ गया है। नोटिस की प्रति हाथ लगते ही ईओ नगर पालिका ने उसे मुबारकपुर थाने को उपलब्ध करा दिया है। कुछ दिनों पूर्व नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के तीन ऐसे चेक एसबीआई मुबारकपुर और एसबीआई दिल्ली शाखा में भुगतान के लिए लगाए गए, जिसे नपा प्रशासन ने जारी करने से ही इंकार कर दिया है। इन्हीं चेकों में एक चेक जागृति कंस्ट्रक्शन के नाम से था, जिसकी धनराशि 17.62 लाख रुपये थी। इस बीच जागृति कंस्ट्रक्शन के वकील सुभाष चंद्र श्रीवास्तव द्वारा भेजी गई एक लीगल नोटिस सामने आई। जिसमें वकील ने गोरखपुर जिले के गगहा निवासी उग्रसेन सिंह को भेजा था। जिसमें बताया गया था कि उग्रसेन पर जागृति कंस्ट्रक्शन की उधारी थी। जिसके एवज में उग्रसेन ने उक्त चेक जागृति कंस्ट्रक्शन को उपलब्ध कराया था और बताया था कि यह चेक नगर पालिका परिषद मुबारकपुर द्वारा जारी किया गया है। वकील द्वारा भेजे गए लीगल नोटिस के बाद इस प्रकरण में उग्रसेन सिंह का नाम प्रकाश में आया है। अब उग्रसेन सिंह पुलिस की पकड़ में आए तो कुछ आगे की जानकारी हो सके। वहीं ईओ ने बताया कि प्राप्त नोटिस को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। ताकि आगे की कार्रवाई पुलिस कर सके। उन्होंने किसी उग्रसेन सिंह के बारे में जानकारी होने से भी इंकार किया है।