लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी तीन लोगों के खाते से कोई जालसाज 1.23 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया है। घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने बुधवार को बैंक के शाखा प्रबंधक से शिकायत की। जांच पड़ताल के दौरान बैंककर्मी भी पता नहीं लगा पा रहे कि जिस खाते में रुपये ट्रांसफर हुआ है, वह किसका है। शाखा प्रबंधक ने मामले की जांच अपने उच्चाधिकारियों के यहां भेजवा दी है। पीड़ितों में रामजीत पुत्र दशरथ, लाली देवी पत्नी रामअवतार और रामशेष पुत्र झूरी का नाम शामिल है। यह तीनों रौनापार थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव के निवासी हैं। इनका खाता भारतीय स्टेट बैंक बेलकुंडा की शाखा में हैं। कोई जालसाज रामजीत के खाते से कई किस्तों में 90 हजार रुपये, लाली देवी के खाते से 30 हजार और रामशेष के खाते से साढ़े तीन हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया है। बैंक के शाखा प्रबंधक अभय मिश्रा ने बताया कि आमतौर पर आनलाइन एक खाते से दूसरे खाते में जिस नंबर से रुपये ट्रांसफर होता है। वह पंद्रह अंक का होता है, लेकिन इन तीनों लोगों का महज तेरह डिजिट वाले अंक के खाते में भेजा गया है। ऐसे में अंदाजा लगा पाना मुश्किल है कि यह रकम किस बैंक के खाते में ट्रांसफर की गई है। मामले की जांच के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।