अहरौला। थाना क्षेत्र के समशाबाद महुआरा गांव में गुरुवार की रात पुरानी रंजिश के चलते गोलबंद मनबढ़ों ने अपने विपक्षी के दरवाजे पर चढ़कर ताबड़तोड़ दो राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद उसकी दीवार ढहा दिया। साथ ही घर में घुसकर परिवार की महिलाओं को पीटकर 25 हजार रुपये नगद और 70 हजार रुपये के आभूषण लूट लिए।
पीड़ित विशाल के मुताबिक उसका गांव के एक व्यक्ति से पुरानी रंजिश चलती है। गुरुवार को विपक्षी के घर बारात आई थी। इसमें उसके तमाम नात, रिश्तेदार भी जुटे थे। इसका फायदा उठाते हुए विपक्षी अपने नात, रिश्तेदारों आदि के साथ विशाल के घर पहुंचे और रात 11.30 बजे ताबड़तोड़ दो राउंड गोली चलाकर उसकी चहारदीवारी को ढहा दिया। इसके बाद मनबढ़ उसके घर में घुसकर मां सुमित्रा देवी और भाभी सरिता देवी और बच्चों को पीटकर घायल कर दिया। साथ ही घर में रखा 25 हजार रुपये और 70 हजार रुपये मूल्य का आभूषण लूट लिया। सीओ बूढनपुर रामचंद्र ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।