पल्हना (ब्यूरो)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुवां खुर्द गांव निवासी एक व्यक्ति के मकान में शनिवार की रात नकब लगाकर भीतर घुसे चोर नगदी सहित करीब एक लाख रुपये का सामान चुरा लिया। घटना की जानकारी तब हुई जब पुलिस रात को मौके पर जाकर घर वालों को बताई। रविवार की सुबह पीड़ित ने देवगांव कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित चंद्रिका सिंह देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुवां खुर्द गांव का निवासी है। चंद्रिका सिंह शनिवार की रात परिवार के साथ घर के बगल में स्थित मड़ई में सो रहे थे। मकान में ताला बंद था। रात को सुनसान माहौल पाकर चोर मकान के पीछे नकब लगाकर घुस गए और भीतर से 25 हजार रुपये नगदी सहित करीब एक लाख रुपये का सामान चुरा लिया। रात करीब दो बजे गश्त पर निकले पुलिसवालों को शक हुआ तो वे मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे। पुलिसवालों ने रात को ही चंद्रिका को जगाया तो उन्हें चोरी होने की जानकारी हुई। पुलिस वालों का कहना था कि दूर से टार्च की रोशनी दिख रही थी। इसलिए वे लोग कारण जानने के लिए मौके पर पहुंचे थे। रविवार की सुबह चंद्रिका ने देवगांव कोतवाली में तहरीर दी। सीओ लालगंज रविशंकर प्रसाद ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।