निजामाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के बवाली मोड़ पर शनिवार की रात को रोडवेज की अनियंत्रित बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। युवक राजेश यादव (30) पुत्र राममावल सिधारी थाना क्षेत्र के भदुली गांव का निवासी था। वह घर पर रहकर मजदूरी करता था। शनिवार को राजेश अपनी बाइक से किसी रिश्तेदार के घर गया था। बाइक चलाते समय वह हेलमेट नहीं पहना था। रात करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही वह शहर के बवाली मोड़ पर पहुंचा कि पीछे से आ रही रोडवेज की अनियंत्रित बस ने टक्कर मार दी। घटना के बाद बस लेकर चालक फरार हो गया। जबकि राजेश यादव घायलावस्था में मौके पर पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां परीक्षण कर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजेश यादव दो बेटा और एक बेटी का पिता था।