आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के देवडीह बसरिका गांव में दो दिन पूर्व धारदार हथियार से गर्दन काटकर हुई रामसरिख राम की हत्या और उसकी पत्नी और बेटी को घायल करने के मामले में मुख्य आरोपी को गुरुवार की शाम अतरौलिया थाने की पुलिस ने सिकंदरपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तलवार और कुल्हाड़ी भी बरामद हुई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रामबरन पुत्र बुझावन अतरौलिया थाने के देवडीह बसरिका गांव का निवासी है। एसपी ग्रामीण के मुताबिक देवडीह बसरिका गांव में 15 जनवरी की रात करीब एक बजे मड़ई में सो रहे रामसरिख के गर्दन पर कुल्हाड़ी और तलवार से हमलाकर हत्या कर दी गई। जबकि बीच बचाव करने में रामसरिख की पत्नी प्रेमा देवी और बेटी मीरा घायल हो गई। इनका अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा। बीच बचाव करते समय ही मीरा ने एक आरोपी रामबरन के साले अरविंद को पहचान लिया। अरविंद अंबेडकर नगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। एसपी ग्रामीण ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक अतरौलिया राकेश सिंह को गुरुवार की रात मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर रामबरन को सिकंदरपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान रामबरन ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। रामबरन के मुताबिक नौ फरवरी 2018 को रामसरिख आदि ने उसके बेटे की हत्या कर दिया। इकलौते बेटे की हत्या हो जाने के बाद से ही रामबरन विपक्षी रामसरिख की हत्या करने की योजना तैयार करने लगा। हत्या करने के उद्देश्य से ही वह करीब तीन माह पूर्व एक कबाड़ वाले के यहां से तीन सौ रुपये में तलवार खरीदा था। साथ ही कुल्हाड़ी को भी धार देकर रखा था। 15 जनवरी की रात योजनाबद्ध तरीके रामबरन अपने साले अरविंद के साथ रामसरिख की मड़ई में घुसकर तलवार और कुल्हाड़ी से उसके गर्दन पर हमलाकर मौत के घाट उतार दिया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि रामबरन का चालान कर दिया गया। फरार दूसरे आरोपी अरविंद की तलाश की जा रही।