आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के दानचिली दान चिलबिली गांव के सिवान में सात नवंबर की सुबह गन्ने के खेत में हत्याकर फेंकी हुई युवती की पहचान होने के बाद से ही पुलिस घटना के खुलासे में जुटी हुई थी। बुधवार को गिरफ्तार किए गए बोलेरो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद कर रही थी। जिससे परेशान प्रेमी ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस युवती के प्रेमी और दोस्त की तलाश में जुटी हुई है। दानचिली दान चिलबिली गांव के एक खेत में 24 वर्षीय युवती की लाश फेंकी हुई मिली थी। युवती की शिनाख्त गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र की सपना चंद सिंह के रूप में हुई थी। जांच पड़ताल के दौरान देवरिया जिले के रहने वाले एक बोलेरो चालक के नाम की जानकारी होने पर बुधवार को उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि सपना का देवरिया जिले के एक शादीशुदा युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह शादी करने की जिद कर रही थी। सपना का प्रेमी अपने एक अन्य मित्र के साथ पांच नवंबर को उसे बोलेरो से लेकर पहले लाटघाट बाजार पहुंचा। यहां सभी ने साथ बैठकर नाश्ता किया। इसके बाद बोलेरो रौनापार, चांदपट्टी, बाजार गोसाई होते हुए तहरीरापुर गांव के पास पहुंची। आरोपियों ने बोलेरो चालक को गाड़ी खड़ी रखने और सपना को उसके रिश्तेदारों से मिलाने की बात कहकर चल दिए और करीब डेढ़ घंटे बाद वापस लौटे और बोलेरो में बैठकर चले गए। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गुत्थी लगभग सुलझ चुकी है। सपना के प्रेमी और उसके दोस्त की तलाश जारी है।