आजमगढ़। लगातार मिल रही अवैध खनन की शिकायतों पर खनन विभाग ने महाराजगंज पुलिस के साथ बुधवार रात को क्षेत्र में छापेमारी की। टीम को देखते ही खनन माफियाओं में भगदड़ मच गई। इस दौरान टीम ने दो स्थानों से बालू लदा दो ट्रैक्टर ट्राली को बरामद कर लिया। दोनों चालकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, वहीं, मुख्य खनन माफिया समेत तीन अन्य फरार हो गए। खनन विभाग की ओर से मामले में तहरीर दी गई है। अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। सगड़ी तहसील के देवारा क्षेत्र में लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थी। अमर उजाला ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता के साथ उठाया था। बुधवार रात को खान निरीक्षण विनीत कुमार सिंह ने महाराजगंज पुलिस के साथ तीन स्थानों पर छापेमारी की। सरदहां में हुई छापेमारी में खनन माफिया वाहनों समेत फरार हो गए। अराजी अमानी में टीम ने बालू लदा एक ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ लिया और चालक देवनाथ निवासी अराजी अमानी को हिरासत में ले लिया। मुख्य आरोपी रमेश यादव निवासी अराजी अमानी तीन अन्य साथियों के साथ फरार हो गया। यहां से लौटते समय सहदेवगंज मोड़ पर टीम ने अवैध खनन में संलिप्त एक बालू लदा ट्रैक्टर ट्राली पकड़ा। चालक वीरेंद्र यादव निवासी देवारा जदीद को हिरासत में ले लिया। खनन विभाग की ओर से सभी आरोपियों के खिलाफ महाराजगंज थाने में तहरीर दी गई है। वहीं, एसओ महाराजगंज ने बताया कि दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है।