सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के सगड़ी गांव में रविवार दोपहर चौहान शिक्षा समिति की ओर से शिक्षा संबंधी सामाजिक कार्यक्रम चल रहा था। इसमें गाजीपुर, मऊ और आजमगढ़ के चौहान बिरादरी के कई लोग आ चुके थे और कई आ रहे थे। उसी समय दूसरे समुदाय के दो युवा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। संजय चौहान ने दोनों युवकों को यहां आने से मना किया। युवकों को ये नागवार लगा। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ संजय और उसे बचाने आए लोगों पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। हमले में आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। पुलिस के आने पर हमलावर भाग गए थे। घायल राजपति ने जीयनपुर कोतवाली में आठ नामजद और आठ अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद अभी तक पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जबकि एसपी ग्रामीण ने मामले में आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की बात कही थी। कोतवाली प्रभारी मुनीष कुमार चौहान ने बताया कि जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।