अहरौला। थाना क्षेत्र के भेदौरा गांव के पास शनिवार की दोपहर तीन मनबढ़ों ने एक फेरीवाले को लात, घूसों से मारकर घायल कर दिया। साथ ही उसके पास से 20 हजार रुपये छीन लिया। पुलिस ने घायल को सीएचसी अहरौला में भर्ती कराया। साथ ही दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे की तलाश की जा रही। पीड़ित गोरखनाथ शुक्ला (25) पुत्र नरेश हरदोई जिले के कृष्णा नगर कॉलोनी का रहने वाला है। वह अंबेडकर नगर जिले में होटल में कमरा लेकर रहता है और क्षेत्र में फेरी लगाकर दाद, खाज और खुजली की दवा बेचता है। शनिवार को गोरखनाथ बस से कप्तानगंज बाजार पहुंचा। वहां से एक ऑटो रिक्शा बुक कराकर अपनी दवा बेचने के लिए अहरौला थाना क्षेत्र में पहुंचा। अहरौला थाने के भेदौरा गांव के पास तीन मनबढ़ों ने गोरखनाथ को पकड़ लिए और एक पार्टी का गाना लाउडस्पीकर पर बजाने का दबाव बनाने लगे। गोरखनाथ के मना करने पर मनबढ़ों ने उसे लात, घूंसों से घायल कर दिया और 20 हजार रुपये छीन लिया। भेदौरा गांव के लोगों द्वारा किसी तरह से मामले में बीच बचाव किया। साथ ही घटना की सूचना दी। पुलिस द्वारा ही गोरखनाथ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला में भर्ती कराया गया। एसओ अहरौला अयोध्या तिवारी ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, तीसरे की तलाश की जा रही।