जहानागंज। थाना क्षेत्र के कुंजी गांव में बुधवार की रात साढ़े दस बजे रंजिश के चलते मनबढ़ों ने एक महिला और उसके पोते को गोली मार दी। घायलों का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में पुलिस तीन लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
घायलों में मानकी देवी (65) पत्नी रामधारी सिंह और उसका पोता अमित (18) पुत्र मारकंडेय सिंह शामिल हैं। यह दोनों जहानागंज थाना क्षेत्र के कुं्जी गांव के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि पड़ोसी प्रमोद सिंह से रंजिश चलती है। बुधवार को प्रमोद का बेटे सचिन से किसी बात को लेकर पुन: विवाद हो गया। इस पर मानकी देवी उसके घर उलाहना देने चली गई। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया। लेकिन रात करीब साढ़े दस बजे प्रमोद सिंह जब बाजार से घर आया तो उसे घटना की जानकारी हुई। प्रमो, उसका भाई संतोष और बेटा सचिन तीनों मानकी देवी के घर वालों को गाली देते हुए हंगामा करने लगे। विरोध करने पर प्रमोद आदि घर से लाइसेंसी बंदूक लेकर आए और गोली चला दी। गोली लगने से मानकी देवी और उसका पोता अमित घायल हो गया। आनन फानन में परिवार के लोगों ने इन दोनों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के संबंध में अमित के पिता मारकंडेय सिंह ने तहरीर देकर प्रमोद सिंह, उसके भाई संतोष और बेटे सचिन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।