लालगंज। तहसील परिसर स्थित सीओ दफ्तर के ठीक सामने लगे एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे वृद्ध से बाइकसवार दो बदमाश 30 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। वीवीआईपी क्षेत्र से दिन दहाड़े हुई लूट की घटना से दहशत फैल गई। काफी देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई की बजाय मामले में लीपापोती में जुट गई। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी थी।
पीड़ित वंशराज प्रजापति देवगांव कोतवाली क्षेत्र के दौना जेहतमंदपुर गांव का निवासी है। शुक्रवार की सुबह तहसील परिसर स्थित सीओ कार्यालय के ठीक सामने नूर इंटरप्राइजेज की दुकान में लगे आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचा। एटीएम मशीन दुकान में लगने की वजह से यहां कोई गार्ड नहीं रहता। तहसील मुख्यालय, सीओ ऑफिस और पुलिस चौकी होने की वजह से यहां सिपाहियों की ड्यूटी भी नहीं लगती, ना ही कोई चेक करने ही कभी जाता है। इसी का फायदा बदमाश उठाते हैं। शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे वंशराज एटीएम से रुपये निकालने के लिए अपना कार्ड डालकर पिन कोड डाला। तभी पीछे खड़े युवक ने मशीन को हैंग कर दिया और वंशराज को पीछे हटाकर 30 हजार रुपये निकाल लिए। वंशराज ने युवक से रुपये मांगा तो उसने तमंचा निकाल लिया और दूसरे साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया। वंशराज के शोर मचाने पर बाजार के लोग बदमाशों को पकड़ने के लिए उसका काफी दूर तक पीछा किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बाजार में हुई दिन दहाड़े लूट की घटना से हड़कंप मच गया। घटनास्थल पास का होने के बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में आधा घंटा से अधिक समय लग गया। एसपी सिटी कमलेश बहादुर ने बताया कि घटना की अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज है। बदमाशों की पहचान के लिए बैंक का सीसीटीवी फुटेज आदि खंगाला जा रहा है।