तहबरपुर। थाना क्षेत्र के महुआर गांव निवासी राधेश्याम चौरसिया के घर में बुधवार की रात छत के रास्ते भीतर घुसे चोर चार बक्सों का ताला तोड़कर 1.60 लाख रुपये नगदी सहित छह लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। गुरुवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मौका मुआयना कर वापस लौट गई। मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
राधेश्याम के मुताबिक वह बुधवार की रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो गया। रात को चोर पड़ोसी के दीवार के सहारे उसके छत पर चढ़े और सीढ़ी के जरिए मकान के भीतर घुस गए। चोर कमरों को खंगालते हुए चार बक्सा उठा ले गए। घर से करीब पांच सौ मीटर दूर खेत में बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखा 1.60 लाख रुपये नगदी सहित छह लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। चोरी गए सामानों में ज्यादातर महिलाओं के गहने और साड़ी थे। गुरुवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव के लोग चोरी गए सामान खोजने लगे। इस दौरान घर से थोड़े दूर खेत में टूटे हाल में बक्सा फेंका हुआ था। इसीक्रम में चोर इसी थाना क्षेत्र के तहबरपुर गांव निवासी मालती पत्नी स्व. त्रिभुवन यादव के घर में छत के रास्ते भीतर घुसे और 20 हजार रुपये नगदी सहित करीब दो लाख रुपये का सामान और आभूषण चुरा लिया। प्रभारी निरीक्षक तहबरपुर कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों घटनाओं की सूचना मिली है। रिपोर्ट नहीं दर्ज है।