स्थानीय थाना क्षेत्र के लालमऊ निवासी 22 वर्षीय राहुल पुत्र शिवशंकर की गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के अनोनी बाजार में हत्या कर फेकी लाश मिली थी। राहुल की हत्या से स्थानीय बाजार वासियों में आक्रोश व्याप्त है। रविवार को बाजार वासियों ने दुकान बंद कर प्रदर्शन किया था। सोमवार को भी पूरा बाजार पूरी तरह से बंद रहा और लोगों ने चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। सुबह आठ बजे हुआ चक्काजाम दोपहर बाद एक बजे जाकर समाप्त हुआ। लोगों ने कहा कि यदि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा पुलिस नहीं करती है तो वे पुन: आंदोलन को बाध्य होंगे। परिजनों के अनुसार राहुल अपने दो साथियों संतलाल पुत्र लालमणि और ज्वाला पुत्र रामकरण के साथ शनिवार की रात घर से निकला था। रविवार को उसकी लाश गाजीपुर जिले के अनोनी थाना के खानपुर बाजार में लाश मिली थी। व्यापारियों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि जल्द हत्याकांड का खुलासा नहीं होता और आरोपी गिरफ्तार नहीं होते तो पुन: चक्काजाम और प्रदर्शन किया जायेगा।