ठेकमा। खेत के बीचोबीच से बिजली का तार ले जाने का विरोध करने से नाराज मनबढ़ों ने मंगलवार की दोपहर गंभीरपुर थाने के चकटिकर अमेठी गांव में लाठी-डंडे से पीटकर वृद्ध की हत्या कर दी। बुधवार को गंभीरपुर थाने में उसके बेटे ने रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी। पुलिस गैर इरादतन हत्या और मारपीट की धारा में केस दर्ज कर वृद्ध के लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। आरोपियों की गिरफ्तार के लिए दबिश दे रही है।
मृत वृद्ध झप्सी यादव (70) गंभीरपुर थाना क्षेत्र के चकटिकर अमेठी गांव के निवासी थे। बुधवार की दोपहर गांव के कुछ लोग झप्सी के खेत के बीचोबीच से बिजली का तार ले जा रहे थे। जानकारी होने पर झप्सी मौके पर पहुंचकर विरोध करने लगे। नाराज मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से पीटकर झप्सी को घायल कर दिया। साथ ही उसे खेत में तड़पता छोड़ फरार हो गए। कुछ देर बाद झप्सी का बेटा प्रवेश अपने पिता को खोजते हुए खेत में पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन में परिवार के लोग झप्सी को सीएचसी लालगंज में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन परिवार के लोग जौनपुर जिला अस्पताल लेकर चले गए। जहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह झप्सी की मौत हो गई। परिवार के लोग झप्सी की लाश लेकर गंभीरपुर थाने पहुंचे। घटना के संबंध में प्रवेश यादव ने तहरीर देकर गांव के विनोद यादव और ओमप्रकाश यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि गैर इरादतन हत्या और मारपीट की धारा में केस दर्ज कर झप्सी की लाश पीएम को भेजवा दी गई। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही।