फरिहां। निजामाबाद थाना क्षेत्र के निकामुद्दीनपुर गांव में स्थित सार्वजनिक जमीन से मिट्टी निकालकर रविवार की रात सरायमीर कस्बे में स्थित एक पोखरी को पाटा जा रहा था। इसकी शिकायत मिलने पर सीओ सदर ने कार्रवाई का निर्देश दिया। जिस पर फरिहां पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचकर दो जेसीबी और नौ ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया। मामले की जांच खनन विभाग की टीम कर रही है। प्रभारी निरीक्षक निजामाबाद चंद्रभाष्कर द्विवेदी के मुताबिक निकामुद्दीनपुर गांव से मिट्टी के अवैध खनन की सूचना मिलने पर फरिहां चौकी प्रभारी को मौके पर भेजा गया। पुलिस खनन में लिप्त दो जेसीबी और नौ ट्रैक्टर ट्राली को हिरासत में लेकर चली आई। सभी वाहन फरिहां पुलिस चौकी पर खड़े हैं। इस मामले की खनन विभाग जांच कर रही है। उनकी जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।