आजमगढ़। कार्यों में लापरवाही बरतने और ड्यूटी से गायब रहने की शिकायत मिलने पर जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने सोमवार को बिलरियागंज विकास खंड के गुलवागौरी गांव के सफाई कर्मी मनोज कुमार विश्वकर्मा को निलंबित करते हुए बिलरियागंज मुख्यालय से संबद्घ कर दिया। उन्होंने इस मामले की जांच एडीओ पंचायत महराजगंज को सौंपते हुए तीन सप्ताह के अंदर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। डीपीआरओ आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि बिलरियागंज विकास खंड के गुलवागौरी गांव के सफाई कर्मी मनोज कुमार विश्वकर्मा के ऊपर बिना बताए ग्राम पंचायत से लापता रहने, मोबाइल पर फोन करने पर फोन न उठाने, कार्य में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना का दोषी पाया गया है। जिसे कर्मचारी आचरण नियमावली के के उल्लंघन का प्रथम दृष्ट्या दोषी पाया गया। जिसके क्रम में उन्हें निलंबित करते हुए बिलरियागंज विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ कर दिया गया है। मामले की जांच एडीओ पंचायत महाराजगंज को सौंपी गई है और उन्हें निर्देश दिया गया है कि वह तीन सप्ताह के अंदर जांच आख्या उपलब्ध कराएंगे।